जशपुर। भारतीय जनता पार्टी सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रवीण दुबे एवं संभाग प्रभारी टिकेंद्र बनाफर के निर्देशानुसार तथा भाजपा जिला अध्यक्ष भरत सिंह की सहमति से सहकारिता प्रकोष्ठ की जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया है। इस गठन के तहत तपकरा मंडल से सक्रिय कार्यकर्ता मनोज कुमार जायसवाल को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए जिला सह संयोजक नियुक्त किया गया है।मनोज कुमार जायसवाल की नियुक्ति की खबर सामने आते ही भाजपा मंडल तपकरा सहित आसपास के क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं में उत्साह और हर्ष का माहौल देखने को मिला। पार्टी के कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं शुभचिंतक उन्हें फोन कॉल, व्हाट्सएप तथा अन्य सोशल मीडिया माध्यमों के जरिए लगातार बधाइयां दे रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने उनके चयन को संगठन के लिए सकारात्मक कदम बताते हुए उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में सहकारिता प्रकोष्ठ को और मजबूती मिलेगी।ज्ञात हो कि मनोज कुमार जायसवाल लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े हुए हैं और विभिन्न सामाजिक व संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और सक्रियता को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।नवनियुक्त जिला सह संयोजक मनोज कुमार जायसवाल ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसे वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि सहकारिता प्रकोष्ठ के माध्यम से किसानों, ग्रामीणों एवं सहकारी संस्थाओं से जुड़े लोगों के हित में कार्य करना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही वे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी की नीतियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उनके इस संकल्प को लेकर कार्यकर्ताओं में भी सकारात्मक उत्साह देखा जा रहा है।
