बनेदा से किनकेल तक सड़क में घोटाले की बू, डामर उखड़ा और सड़क धंसी सीएम योजना की सड़क बनी ‘शोपीस’, कुछ ही महीनों में उखड़ने लगी परत

जशपुर। जिले में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासनिक बैठकों में लगातार सख्ती बरतने के निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है। विकासखंड फरसाबहार में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में भारी अनियमितता सामने आई है।बनेदा चौक से प्राथमिक शाला किनकेल बस्ती तक करोड़ों रुपये की लागत से बनाई जा रही सड़क अभी पूर्ण भी नहीं हुई है, लेकिन जिन हिस्सों में डामरीकरण किया गया है, वहां कुछ ही महीनों में सड़क उखड़ने लगी है। कई स्थानों पर डामर पूरी तरह से निकल चुका है और सड़क धंसती नजर आ रही है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।ग्रामीणों के मुताबिक निर्माण कार्य में गुणवत्ता का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा गया है। घटिया सामग्री के उपयोग के कारण नई सड़क जल्द ही खराब होने लगी है। वहीं स्कूल के पास बनाई गई पुलिया और साइड वॉल में भी दरारें दिखाई दे रही हैं, जिन्हें छुपाने की कोशिश की गई है।बताया जा रहा है कि यह कार्य मुख्यमंत्री ग्राम सड़क विभाग द्वारा ठेकेदार के माध्यम से कराया जा रहा है। लेकिन संबंधित इंजीनियर और ठेकेदार की कथित मिलीभगत के चलते निर्माण कार्य में लापरवाही बरती गई है।ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया, तो करोड़ों रुपये की यह सड़क पूरी तरह बेकार हो जाएगी और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।इस मामले ने एक बार फिर निर्माण कार्यों की निगरानी व्यवस्था और प्रशासनिक सख्ती पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
