कुम्हारबहार के अमलीटोला में घटिया निर्माण का आरोप, सूचना बोर्ड तक नहीं लगाया गया

जशपुर। विकासखंड फरसाबहार की ग्राम पंचायत कुम्हारबहार के अमलीटोला में तालाब के सौंदर्यीकरण एवं पचरी निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। निर्माण कार्य पूरा होने के महज दो माह बाद ही पहली बारिश में पचरी के लिए बनाई गई सहायक दीवार ध्वस्त हो गई, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं।ग्रामीणों के अनुसार तालाब की सफाई एवं पचरी निर्माण के लिए शासन से राशि स्वीकृत की गई थी, लेकिन निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की गई। परिणामस्वरूप पहली ही बारिश का दबाव दीवार नहीं झेल सकी और वह भरभराकर गिर गई। इससे सरकारी राशि के दुरुपयोग की आशंका भी जताई जा रही है।ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण स्थल पर योजना संबंधी कोई सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया है। इससे यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि निर्माण कार्य किस विभाग द्वारा, किस योजना के तहत और कितनी लागत से कराया गया है। सूचना बोर्ड का अभाव भी पारदर्शिता पर सवाल खड़े करता है।ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने, दोषी ठेकेदार एवं संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई करने तथा क्षतिग्रस्त पचरी का गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। वहीं संबंधित विभाग से इस मामले में पक्ष लिया जाना शेष है।
