
जशपुर। प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक सिंह ने गुरुवार को जशपुर जिले के भ्रमण के दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।सबसे पहले उन्होंने बगीचा जनपद पंचायत के ग्राम रायकेरा में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्मित रायकेरा चौक से कठरपारा तक 1.7 किलोमीटर लंबी सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और उपयोगिता को परखा तथा संबंधित अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।इसके पश्चात प्रमुख सचिव ग्राम पंचायत टटकेला पहुंचीं, जहां उद्यान विभाग द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम एवं डीएमएफ योजना के अभिसरण से 8 किसानों द्वारा किए जा रहे ड्रैगन फ्रूट वृक्षारोपण का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर फसलों की स्थिति, उत्पादन संभावनाओं एवं आय के स्रोतों के बारे में विस्तृत जानकारी ली। साथ ही इंटरक्रॉप फसल से हो रही वर्तमान आय पर भी चर्चा की।निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव से पंचायत क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की प्रगति, कुल परिवारों की संख्या, पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत स्वीकृत, पूर्ण एवं शेष आवासों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे।इसके बाद उन्होंने पंचायत में निर्मित अमृत सरोवर तालाब का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिला स्व-सहायता समूह की सदस्यों से चर्चा कर उन्हें विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के बीपीएम को समूहों के साथ बैठक कर उनकी रुचि के अनुसार आजीविका गतिविधियों से जोड़ने हेतु कार्ययोजना तैयार कर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।इस दौरान उनके साथ संचालक प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं आयुक्त मनरेगा छत्तीसगढ़ श्री तारण प्रकाश सिन्हा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण छत्तीसगढ़ के एमडी श्री अश्विनी देवांगन, तथा सीईओ जिला पंचायत जशपुर अभिषेक कुमार सहित जिला एवं जनपद स्तर के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
