दैनिक जशपुर पोर्टल में समाचार प्रकाशित होते ही प्रशासन सक्रिय, सीईओ के निर्देश पर जेसीबी-ट्रैक्टर से हुई सफाई

जशपुर। विकासखंड फरसाबहार के व्यापारिक नगर तपकरा में बदहाल स्वच्छता व्यवस्था को लेकर दैनिक जशपुर पोर्टल ने प्रकाशित खबर का असर अब साफ तौर पर देखने को मिला है। खबर सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया और तत्काल सफाई कार्य शुरू कराया गया।बताया जा रहा है कि समाचार के प्रकाशन के बाद फरसाबहार जनपद पंचायत के सीईओ मिथिलेश पैंकरा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित ग्राम पंचायत को तुरंत साफ-सफाई के निर्देश दिए साथ ही स्वच्छता के प्रति सजग रहने के लिए कहा। वही निर्देश मिलते ही ग्राम पंचायत तपकरा ने जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद से मुख्य बाजार क्षेत्र में जमा कचरे को हटाने का कार्य शुरू कर दिया।गौरतलब है कि टीएसएस कार्यालय के सामने लगे कचरा संग्रहण स्थल में लंबे समय से कचरा जमा होने के कारण गंदगी सड़क तक फैल गई थी। इससे न सिर्फ दुर्गंध फैल रही थी, बल्कि मच्छर-मक्खियों के कारण बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया था। स्थानीय लोगों द्वारा लगातार शिकायत के बावजूद सफाई नहीं होने से नाराजगी बढ़ती जा रही थी।खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासनिक हस्तक्षेप से स्थिति में सुधार देखने को मिला है। जेसीबी के माध्यम से जमा कचरे को हटाकर पूरे क्षेत्र की सफाई की गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि इसी तरह नियमित रूप से निगरानी और कार्रवाई होती रहे, तो क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनी रह सकती है। साथ ही उन्होंने कचरा प्रबंधन की स्थायी व्यवस्था किए जाने की भी मांग दोहराई है।यह पूरा घटनाक्रम इस बात का उदाहरण है कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर प्रशासन भी त्वरित कार्रवाई करता है और जमीनी स्तर पर बदलाव संभव हो पाता है।
