
जशपुर। विकासखंड फरसाबहार के प्रमुख व्यापारिक नगर तपकरा में सोमवार को गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत एक भव्य और ऐतिहासिक पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा जोड़ा महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर भंडारडीपा तक निकाली गई, जिसमें क्षेत्र के गौ सेवकों, ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं एवं विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। “गौ माता की जय” और “गौ रक्षा हमारा धर्म है” जैसे नारों से पूरा तपकरा क्षेत्र गूंज उठा। पदयात्रा के दौरान अनुशासन और एकता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जिससे यह आयोजन एक जनजागरूकता अभियान के रूप में सामने आया।पदयात्रा के पश्चात सभी सहभागी तहसील कार्यालय पहुंचे, जहां गौ रक्षा एवं गौवंश संरक्षण को लेकर तहसीलदार के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में गौ माता की सुरक्षा को लेकर देशभर में एकीकृत केंद्रीय कानून बनाने, गौ संरक्षण के लिए स्वतंत्र मंत्रालय की स्थापना, संवैधानिक स्तर पर सर्वोच्चता प्रदान करने, गौ तस्करी और हिंसा पर कठोर दंडात्मक प्रावधान लागू करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।इसके साथ ही ज्ञापन में गौशालाओं के लिए बुनियादी ढांचे के विकास, सड़कों पर विचरण करने वाले गौवंश की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार, तथा गौ सेवकों को संरक्षण और प्रोत्साहन देने सहित कुल 8 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से मांग रखी गई।आयोजन में डॉ. अजय शर्मा, प्रशांत शर्मा, नटवर मूंदड़ा, दिलीप साहू, मनोज जायसवाल, नंदन जिंदल, राजेश फेंटा चौधरी,आदेश जायसवाल, देवेन्द्र शर्मा, मनोज नायक सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों और गौ सेवकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सभी ने एकजुट होकर गौ माता की रक्षा और संरक्षण के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।यह पदयात्रा न केवल एक धार्मिक आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि सामाजिक जागरूकता और गौ संरक्षण के प्रति लोगों की संवेदनशीलता को भी उजागर करने में सफल रही।
