“सड़क बनी, लेकिन बोर्ड ने कर दिया खेल — गलत नाम से भटक रहे लोग!”
“प्रधानमंत्री ग्राम सड़क विभाग की लापरवाही से गलत नाम वाला बोर्ड, राहगीर और मेहमान हो रहे भ्रमित”

जशपुर। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जहां गांवों की तस्वीर बदलने का काम कर रही है, वहीं विकासखंड फरसाबहार के एक गांव में सड़क निर्माण के साथ एक बड़ी लापरवाही भी सामने आई है।करीब एक वर्ष पूर्व ग्राम पंचायत भगोरा में नई सड़क का निर्माण कराया गया था, जिससे ग्रामीणों में काफी खुशी देखी गई। लेकिन निर्माण के बाद लगाए गए साइन बोर्ड में गांव का नाम ही गलत दर्ज कर दिया गया। जहां गांव का वास्तविक नाम भगोरा है, वहीं बोर्ड पर “वोगरा” लिखा गया है।इस गलती के कारण बाहर से आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, कई बार मेहमान और आगंतुक भगोरा की जगह “वोगरा” समझकर भटक जाते हैं और वापस लौटने लगते हैं।हाल ही में गांव में आयोजित एक शादी समारोह में भी ऐसी ही स्थिति बनी, जब बाराती गांव के प्रवेश द्वार पर लगे गलत नाम वाले बोर्ड को देखकर भ्रमित हो गए और वापस लौटने लगे। बाद में रास्ते में लोगों से पूछताछ करने पर वे सही गांव तक पहुंच सके।ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द इस त्रुटि को सुधारते हुए सही नाम का बोर्ड लगाया जाए, ताकि भविष्य में किसी को परेशानी न हो।यह मामला विभागीय लापरवाही को उजागर करता है, जहां विकास कार्य के साथ बुनियादी जानकारी तक में गंभीर चूक देखने को मिल रही है।
