
जशपुर। विकासखंड फरसाबहार में 30 अप्रैल को शिक्षा विभाग के लिए भावुक और सम्मानजनक क्षण रहा, जब तीन अनुभवी शिक्षकों का सेवानिवृत्ति पर गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया।विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय फरसाबहार द्वारा सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों को उनके कार्यकाल के अंतिम दिन ही पेंशन अदायगी प्रपत्र वितरित किए गए, जिससे शिक्षकों में खासा उत्साह और संतोष देखने को मिला।सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों में सुखेश्वर साय (प्रधान पाठक, प्राथमिक शाला डॉगबंधी), मंत्री साय (प्रधान पाठक, प्राथमिक विद्यालय फरसाबहार) और नानूराम चौहान (प्रधान पाठक, प्राथमिक विद्यालय अबीरा) शामिल हैं।इस अवसर पर कार्यालय परिसर में सादगीपूर्ण लेकिन सम्मानजनक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां सभी शिक्षकों को तिलक-चंदन लगाकर, शाल एवं श्रीफल भेंट कर विदाई दी गई।कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी दुर्गेश देवांगन, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी रविंद्र नाथ साय, खंड स्रोत समन्वयक देवेंद्र कुमार सिंह, खंड प्रभारी लिपिक राजकुमार साय सहित कार्यालय के अन्य कर्मचारी, शिक्षकगण और स्टाफ उपस्थित रहे।सभी उपस्थित जनों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन प्रपत्र उपलब्ध कराना एक सराहनीय कदम है, जिससे कर्मचारियों को तत्काल राहत मिलती है और उनके वर्षों की सेवा का सम्मान भी होता है।कार्यक्रम के अंत में सेवानिवृत्त शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए विभाग और सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
