PMGSY कार्य में गड़बड़ी! पुलिया की दरारें छिपाने का ‘जुगाड़’ आया सामने

जशपुर। विकासखंड फरसाबहार के ग्राम केरवारजोर में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बन रही पुलिया में भारी अनियमितताएं उजागर हो रही हैं। निर्माण कार्य पूर्ण होने से पहले ही पुलिया के स्ट्रक्चर में दरारें पड़ने लगी हैं, जिससे इसकी गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।ताजा जानकारी के अनुसार, पुलिया में आई दरारों को छिपाने के लिए प्लास्टर किया जा रहा है और ऊपर से मिट्टी डालकर उसे पटवाया जा रहा है, ताकि खामियां नजर न आएं। इस तरह की कार्रवाई से साफ संकेत मिलता है कि निर्माण कार्य में शुरू से ही घटिया मटेरियल और मानकों की अनदेखी की गई है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग के इंजीनियरों और ठेकेदारों की मिलीभगत से यह निर्माण कार्य नियमों को दरकिनार कर किया जा रहा है। वहीं, पास में बन रहे गार्डवाल में भी निम्न गुणवत्ता की बालू का उपयोग और निर्धारित अनुपात से कम मटेरियल डालने की शिकायत सामने आई है।सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे निर्माण कार्य को किसी बड़े कांग्रेस से जुड़े नेता का संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। हालांकि इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।बताया जा रहा है कि पुलिया और गार्डवाल का निर्माण पेटी कॉन्ट्रैक्ट के माध्यम से कराया जा रहा है, जिससे गुणवत्ता नियंत्रण पर सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए जांच करता है और दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है।
