

जशपुरनगर । शिक्षा विभाग में शिकायतों और प्रारंभिक जांच के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला पंचायत जशपुर द्वारा 08 सितंबर को प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के आधार पर कलेक्टर जशपुर ने फरसाबहार विकासखंड में पदस्थ शिक्षा विभाग के दो अधिकारियों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की है। जांच में आर्थिक शोषण, मानसिक प्रताड़ना, पद के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद प्रभारी विकासखंड स्रोत समन्वयक (बीआरसीसी) देवेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) दुर्गम देवांगन को फरसाबहार बीईओ कार्यालय से हटाकर जिला पंचायत जशपुर में संलग्न किया गया है।प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद फरसाबहार के शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई है। वहीं बीईओ के पद पर आगामी आदेश तक स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय तपकरा के प्रभारी प्राचार्य एवं मूल पद व्याख्याता सीआर भगत को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।बीआरसीसी देवेंद्र सिंह निलंबितफरसाबहार विकासखंड के प्रभारी विकासखंड स्रोत समन्वयक (BRCC) एवं मूल पद उच्च वर्ग शिक्षक देवेंद्र सिंह के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों की जांच की गई थी। जिला पंचायत द्वारा प्रस्तुत प्रारंभिक जांच प्रतिवेदन में शिकायतों से जुड़े आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत देवेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया।निलंबन अवधि के दौरान देवेंद्र सिंह का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय कांसाबेल निर्धारित किया गया है। आदेश के अनुसार उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।बीईओ दुर्गम देवांगन जिला पंचायत में संलग्नफरसाबहार के प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी दुर्गम देवांगन के खिलाफ भी आर्थिक शोषण, मानसिक प्रताड़ना और भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें सामने आई थीं। इन शिकायतों की प्रारंभिक जांच के बाद आरोप प्रथम दृष्टया पुष्ट पाए गए।इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए दुर्गम देवांगन को कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी फरसाबहार से हटाकर कार्यालय जिला पंचायत जशपुर में संलग्न कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद फरसाबहार विकासखंड में बीईओ का पद खाली हो गया, जिसके लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।सीआर भगत को मिला बीईओ का अतिरिक्त प्रभारदुर्गम देवांगन को फरसाबहार बीईओ कार्यालय से कार्यमुक्त किए जाने के बाद स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय तपकरा के प्रभारी प्राचार्य एवं मूल पद व्याख्याता सीआर भगत को आगामी आदेश तक प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी फरसाबहार का प्रशासनिक एवं वित्तीय दायित्व सौंपा गया है।आदेश के अनुसार सीआर भगत को तीन दिवस के भीतर प्रभारी बीईओ का पदभार ग्रहण कर इसकी पालन प्रतिवेदन जिला शिक्षा कार्यालय को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। अब फरसाबहार विकासखंड में शिक्षा विभाग की प्रशासनिक एवं वित्तीय व्यवस्था की जिम्मेदारी सीआर भगत संभालेंगे।जांच के बाद हुई कार्रवाई से विभाग में मचा हड़कंपशिक्षा विभाग के अधिकारियों के खिलाफ शिकायतों पर जांच के बाद एक साथ दो अधिकारियों पर हुई कार्रवाई को प्रशासन की गंभीरता से जोड़कर देखा जा रहा है। खासतौर पर बीआरसीसी को निलंबित करने और प्रभारी बीईओ को जिला पंचायत में संलग्न करने के बाद विभागीय स्तर पर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।हालांकि प्रशासनिक आदेश में आरोपों को प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के आधार पर कार्रवाई की गई है। आगे की विभागीय प्रक्रिया और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले की स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल प्रशासन ने फरसाबहार के शिक्षा विभाग में तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियों का निर्धारण कर व्यवस्था संभालने की कार्रवाई शुरू कर दी है।





