
जशपुर। तपकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत स्टेट हाईवे सड़क तपकरा-लावाकेरा मार्ग के समडमा बर घाटी में मंगलवार सुबह करीब 9 बजे बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। घाटी की संकरी सड़क पर आमने-सामने आए दो ट्रकों के बीच टक्कर की स्थिति बन गई, जिससे एक कोयला लोड ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।जानकारी के अनुसार तपकरा की ओर आ रही कोयला लोड ट्रक समडमा बर घाटी मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान सामने से एक अन्य भारी वाहन पहुंच गया। घाटी मार्ग संकरा होने के कारण दोनों वाहनों के बीच अचानक आमना-सामना हो गया और टक्कर की आशंका बन गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे से बचने के प्रयास में ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, लेकिन तेज रफ्तार होने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि ट्रक चालक सुरक्षित बच गया और उसे गंभीर चोट नहीं आई।घटना के बाद घाटी मार्ग पर कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि समडमा बर घाटी में सड़क काफी संकरी है और यहां भारी वाहनों की लगातार आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।ग्रामीणों ने प्रशासन से घाटी मार्ग में सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने, चेतावनी संकेतक लगाने तथा भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।





