
जशपुर। ग्राम अंकिरा में यात्री बस के केबिन में बिजली तार फंसने की घटना के बाद अब विद्युत विभाग हरकत में आ गया है। गांव की मुख्य बस्ती में नीचे झूल रहे बिजली तार से लंबे समय से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ था। हाल ही में जय बालाजी यात्री बस बिजली तार में फंस गई थी, जिससे बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई थी। इस गंभीर समस्या को लेकर दैनिक जशपुर पोर्टल न्यूज में खबर प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद विभाग ने मामले में संज्ञान लिया।घटना के बाद विद्युत विभाग की टीम गांव पहुंची और नीचे झूल रहे तार को हटाने का काम शुरू किया। बिजली कर्मियों ने लूज पड़े तार को टाइट बांधकर ऊपर खींचा, जिससे अब तार पहले की तुलना में ऊंचा हो गया है। विभाग की इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।ग्रामीणों का कहना है कि गांव में काफी समय से बिजली तार नीचे झूल रहे थे और भारी वाहनों तथा यात्री बसों के गुजरने के दौरान हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती थी। कई बार विभाग को सूचना देने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया था। बस में बिजली तार फंसने की घटना के बाद लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली थी।मामले में विद्युत विभाग के जेई ने बताया कि लाइन के एक छोर पर लगा बिजली खंभा क्षतिग्रस्त हो चुका है। नया खंभा फिलहाल उपलब्ध नहीं होने के कारण तत्काल स्थायी सुधार कार्य नहीं हो पाया है। हालांकि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ढीले तार को टाइट कर ऊंचा किया गया है।जेई ने बताया कि पुराने खुले तार की जगह कवर वायर लगाने के लिए उच्च कार्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है। जब तक नया खंभा और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध नहीं हो जाती, तब तक अस्थायी रूप से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना कम हो सके।ग्रामीणों ने विभाग द्वारा शुरू किए गए सुधार कार्य पर संतोष जताया, लेकिन साथ ही कहा कि यदि पहले ही समस्या पर ध्यान दिया गया होता तो बस में तार फंसने जैसी घटना नहीं होती। ग्रामीणों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से गांव की पूरी बिजली लाइन का निरीक्षण कर जर्जर तार और क्षतिग्रस्त खंभों को बदलने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।





