
जशपुर। जिले में डीजल और पेट्रोल की किल्लत अब किसानों पर भारी पड़ने लगी है। सुबह से ही पेट्रोल पंपों में सैकड़ों वाहनों की लंबी कतार देखने को मिल रही है। खेतों में खेती-किसानी के काम में जुटने वाले किसान अब डीजल भरवाने के लिए घंटों पेट्रोल पंपों के बाहर इंतजार करने को मजबूर हैं।सबसे ज्यादा परेशानी ट्रैक्टर चालकों और किसानों को हो रही है। खेती के इस महत्वपूर्ण समय में ट्रैक्टरों के लिए डीजल नहीं मिलने से कृषि कार्य प्रभावित होने लगा है। किसान सुबह-सुबह पेट्रोल पंप पहुंच रहे हैं, लेकिन लंबी कतार और सीमित उपलब्धता के कारण घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।कई पेट्रोल पंपों में डीजल की आपूर्ति कम होने की बात सामने आ रही है, जिससे हालात और बिगड़ते जा रहे हैं। किसानों का कहना है कि समय पर डीजल नहीं मिलने से जुताई, बुवाई और अन्य कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वहीं आम वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीण क्षेत्रों से आए किसानों ने प्रशासन से जल्द पर्याप्त डीजल उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि खेती का काम प्रभावित न हो और लोगों को राहत मिल सके।





