
जशपुर। जशपुर में एक सनसनीखेज मामले में युवक ने पहले अपने दोस्त पर चाकू से हमला किया और करीब एक घंटे बाद राह चलते एक नाबालिग लड़के की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी सचिन राम (20 वर्ष) निवासी भागलपुर बरटोली ने 17 मई को दो अलग-अलग वारदातों को अंजाम दिया। पहला मामला दोपहर करीब 1.30 बजे का है, जब आरोपी अपने परिचित सूरज रजक को शराब पीने के बहाने मोटरसाइकिल से ग्राम कोमडो ले गया। वहां मंदिर के पास आरोपी ने अचानक विवाद करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और चाकू से सूरज रजक की पीठ व माथे पर हमला कर दिया।
घायल युवक ने किसी तरह बचाव करते हुए आरोपी से चाकू छीनने की कोशिश की, जिसमें चाकू आधा टूट गया। इसके बाद वह जान बचाकर पास के मंदिर में छिप गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।
इसके लगभग एक घंटे बाद आरोपी ने दूसरी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक दोपहर करीब 2.30 बजे कृष्णा भगत (15 वर्ष) नहाने के लिए बाकी नाला धोबी घाट की ओर जा रहा था। इसी दौरान आरोपी ने बिना किसी कारण उसे जमीन पर पटक दिया और हाथ, मुक्के व लात से बेरहमी से मारपीट की। हमले में किशोर के गले, चेहरे और कनपटी में गंभीर चोटें आईं।
परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मामले में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 109(1), 296, 351(2) और 118(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया, वहीं घायल युवक का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया।
घटना के बाद से आरोपी फरार था। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने भागलपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी मोरध्वज देशमुख सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि हत्या और चाकूबाजी के गंभीर मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया
