तपकरा युवा मोर्चा का विस्तार, नई टीम के गठन से कार्यकर्ताओं में उत्साह भाजपा युवा मोर्चा में नई नियुक्तियां, गांव-गांव योजनाएं पहुंचाने का संकल्प


जशपुर। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के संगठन विस्तार के तहत तपकरा मंडल में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह के मार्गदर्शन एवं भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव के निर्देशानुसार तपकरा मंडल अध्यक्ष दिलीप साहू की सहमति से युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष आदेश जायसवाल ने पदाधिकारियों की घोषणा करते हुए तपकरा युवा मोर्चा का विस्तार किया है। नई टीम की घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं एवं युवाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
जारी सूची में शिवा सिंह, नवीन गुप्ता, अभिषेक सोनी, युवराज साय एवं मोनिका यादव को युवा मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। संगठन द्वारा युवाओं को जिम्मेदारी दिए जाने को लेकर कार्यकर्ताओं ने इसे पार्टी की युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की सोच बताया है। पदाधिकारियों की घोषणा होते ही तपकरा मंडल क्षेत्र में बधाइयों का दौर शुरू हो गया। भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक फोन, व्हाट्सएप एवं सोशल मीडिया के माध्यम से शुभकामनाएं दे रहे हैं, वहीं कई लोग नवनियुक्त पदाधिकारियों के घर पहुंचकर भी बधाई और शुभकामनाएं दे रहे हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि संगठन ने जिन युवाओं को जिम्मेदारी सौंपी है, वे लंबे समय से पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय रहकर कार्य कर रहे हैं। युवाओं को संगठन में स्थान मिलने से पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिलेगी तथा युवा वर्ग भाजपा की विचारधारा से अधिक संख्या में जुड़ेंगे।
वहीं नवनियुक्त उपाध्यक्ष शिवा सिंह ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा सौंपे गए दायित्व को वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा एवं समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। साथ ही युवाओं को संगठन से जोड़कर भाजपा की रीति-नीति एवं सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार गांव-गांव तक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन कार्यकर्ताओं की पार्टी है, जहां हर कार्यकर्ता को मेहनत और समर्पण के आधार पर आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। आने वाले समय में युवा मोर्चा तपकरा मंडल क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को राष्ट्र निर्माण एवं समाज सेवा के कार्यों से जोड़ने का कार्य करेगा।
