जशपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर आयोजित 2 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण महाअभियान का शुभारंभ रविवार को भाजपा मंडल तपकरा द्वारा पंपशाला स्थित कंवर धाम में भव्य रूप से किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाना, कार्यकर्ताओं का वैचारिक विकास करना तथा आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों के लिए उन्हें तैयार करना है।कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रूप से ध्वजारोहण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई, जिससे पूरे वातावरण में राष्ट्रभक्ति और संगठनात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। इसके बाद वंदे मातरम एवं राजगीत का सामूहिक गायन किया गया। तत्पश्चात उपस्थित अतिथियों एवं वक्ताओं का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।इस 2 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम को चार अलग-अलग सत्रों में विभाजित किया गया है, जिसमें संगठनात्मक, वैचारिक एवं कार्यपद्धति से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया जा रहा है।प्रथम सत्र में वक्ता दिनेश गुप्ता ने अध्यक्षीय संबोधन देते हुए “कार्य विस्तार ही हमारी दृष्टि” विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर नए लोगों को जोड़ना होगा और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना होगा।द्वितीय सत्र में शंभूनाथ चक्रवर्ती ने “वैचारिक अधिष्ठान” विषय पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए पार्टी की मूल विचारधारा, सिद्धांतों एवं इतिहास की जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत रहने का संदेश दिया, जिससे वे समाज में प्रभावी भूमिका निभा सकें।तृतीय सत्र में उपेंद्र यादव ने “कार्य पद्धति एवं कार्यकर्ता संबंध” विषय पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने संगठन के भीतर अनुशासन, समन्वय और संवाद की आवश्यकता पर बल देते हुए बताया कि एक सशक्त संगठन के लिए कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल और समर्पण जरूरी है।चतुर्थ सत्र में वेदप्रकाश भगत ने सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ ले सकें।इस प्रशिक्षण महाअभियान के माध्यम से न केवल पुराने और सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है, बल्कि नए साथियों को भी संगठन से जोड़कर उन्हें जिम्मेदारियों के लिए तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि “सक्रिय भागीदारी ही संगठन की असली ताकत है” और इसी के बल पर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।कार्यक्रम में मुख्य रूप से मंडल अध्यक्ष दिलीप साहू, किसान मोर्चा जिला महामंत्री कपिलेश्वर सिंह, संयोजक भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ के रामनिवास गुप्ता, श्रीमती अनुजकुमारी, डीडीसी श्रीमती दुलारी सिंह, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती संध्या सिंह, डॉ. अजय शर्मा, यदुवर गुप्ता, भाजयुमो अध्यक्ष राजेश फेंटा चौधरी, गोपाल कश्यप, मनोज नायक, सत्यम सिंह, हरिशंकर यादव सहित तपकरा भाजपा मंडल के सभी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी दिनों में संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा और गति प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
