भीषण आग में उजड़ा घर: जीवनभर की कमाई और कागजात सब जलकर खत्म
जशपुर। फरसाबहार विकासखंड के ग्राम सिमाबारी में शनिवार सुबह एक गरीब परिवार पर अचानक आफत टूट पड़ी, जब देखते ही देखते उनका पूरा घर आग की भेंट चढ़ गया। इस घटना ने गांव में शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।सुबह करीब 7 बजे घर से धुआं उठता देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी। घर में उस समय कोई नहीं था, जिससे आग को फैलने का पूरा मौका मिल गया और कुछ ही देर में उसने भयावह रूप ले लिया।आसपास के लोगों ने बोरवेल से पानी लाकर आग बुझाने की भरसक कोशिश की। काफी देर की मेहनत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक घर लगभग पूरी तरह जल चुका था।मिली जानकारी के अनुसार यह मकान घुरन राम प्रधान का था। सूचना मिलते ही पटवारी मदन राम भगत मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन करते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।आगजनी की इस घटना में घर का करीब 90 फीसदी हिस्सा जल गया। घर में रखे कीमती सामानों और जरूरी कागजात भी आग में जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए, साथ ही नकदी, अनाज और अन्य घरेलू सामग्री भी खाक हो गई। पीड़ित परिवार के पास अब न रहने का ठिकाना बचा है और न ही जीवनयापन के साधन।घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री और उचित मुआवजा देने की मांग की है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
