
जशपुर। ग्राम भेजरीडांड में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला, जहां अखंड महायज्ञ एवं अष्टप्रहरी राम नाम संकीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। शनिवार सुबह से ही पूरे गांव में धार्मिक वातावरण बना रहा और हर ओर “राम नाम” की गूंज सुनाई देती रही।कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके बाद लगातार भजन-कीर्तन का क्रम चलता रहा। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ ओडिशा और आसपास के कई गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। हिंदी और ओड़िया भाषा में प्रस्तुत भजनों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।आयोजन में जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही।

डीडीसी दुलारी सिंह ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की, वहीं भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष कपिलेश्वर सिंह ने कार्यक्रम में शामिल होकर ग्रामीणों से संवाद किया और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की।पूरे आयोजन के दौरान गांव में उत्साह और श्रद्धा का विशेष माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ा दिया। आयोजकों का कहना है कि इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज में एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं तथा लोगों के भीतर आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करते हैं।
