रात में चला स्पेशल चेकिंग अभियान, 22 बाइक जब्त, जुर्माना वसूली के साथ दी कड़ी चेतावनी

जशपुर। जिले में सड़क पर मनमानी करने वालों के खिलाफ अब पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। डॉ. लाल उमेद सिंह (डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक) के सख्त निर्देश के बाद जशपुर पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर अभियान तेज कर दिया है।एसएसपी ने जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना नंबर प्लेट, मॉडिफाइड वाहन, ओवर स्पीड और स्टंट करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर भी सख्ती बरतने को कहा गया है।इसी निर्देश के तहत कोतवाली जशपुर पुलिस ने बीती रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना नंबर प्लेट, तेज रफ्तार, मॉडिफाइड और नाबालिगों द्वारा चलाए जा रहे कुल 22 मोटरसाइकिल पकड़े गए।कार्रवाई के दौरान 19 बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों को जब्त किया गया। वाहन चालकों को निर्देश दिया गया कि नंबर प्लेट लगवाने के बाद ही वाहन छोड़ा जाएगा। इसके बाद चालान काटते हुए कुल ₹5700 का जुर्माना वसूला गया। वहीं एक वाहन चालक को ओवर स्पीड में वाहन चलाते पाए जाने पर ₹1000 का चालान किया गया। शेष दो वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई जारी है।पुलिस ने मौके पर ही वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी कि यदि दोबारा बिना नंबर प्लेट या नियमों का उल्लंघन करते पकड़े गए, तो वाहन जब्त कर सीधे न्यायालय में पेश किया जाएगा।एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में वाहन चालक के साथ-साथ अभिभावकों पर भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।जशपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
