
मंगलवार देर रात हुआ हादसाट्रक की टक्कर से पुल किनारे लटकी कार, बड़ा हादसा टलाएयरबैग खुलने से बची जान, पति-पत्नी घायलतीन राज्यों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग, फिर भी संकीर्ण पुलिया

जशपुर। स्टेट हाईवे लावाकेरा–लैलूंगा मार्ग पर स्थित बरडीह के कोकसारा पुलिया में लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से इस संकीर्ण पुलिया को चौड़ा करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है।बताया जा रहा है कि यह मार्ग छत्तीसगढ़, ओडिशा और झारखंड को जोड़ने वाला प्रमुख सड़क मार्ग है, जहां भारी और हल्के वाहनों की लगातार आवाजाही बनी रहती है। सड़क तो चौड़ी है, लेकिन पुलिया बेहद संकीर्ण होने के कारण यहां आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं।मंगलवार देर रात एक बार फिर इसी पुलिया के पास बड़ा हादसा हो गया। तुमला थाना क्षेत्र के ग्राम बरडीह स्थित कोकसारा पुलिया के पास एक अज्ञात ट्रक ने चारपहिया वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पुल के किनारे खतरनाक स्थिति में लटक गई।कार में सवार पति-पत्नी रायगढ़ से दुलदुला की ओर जा रहे थे। हादसे में कार चालक (पति) का हाथ टूट गया, जबकि पत्नी को भी गंभीर चोटें आई हैं। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गनीमत रही कि हादसे के दौरान कार का एयरबैग समय पर खुल गया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई और दोनों की जान बच सकी।घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही तुमला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस द्वारा पुल के किनारे फंसे वाहन को निकालने का प्रयास किया गया, वहीं फरार ट्रक चालक की तलाश भी जारी है।ग्रामीणों का कहना है कि जब तक इस संकीर्ण पुलिया का चौड़ीकरण नहीं किया जाएगा, तब तक इस तरह की दुर्घटनाएं होती रहेंगी। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।
