कुनकुरी में ट्रक की टक्कर से युवक की मौत👉 कोकसारा नाला के पास कार को पीछे से मारी टक्कर👉 कार में सवार पति-पत्नी घायल, चालक का हाथ टूटा👉 ट्रक चालक फरार
कार का एयर बैग खुलने से बची जान दंपति की

जशपुर। जिले में तेज रफ्तार का कहर लगातार जारी है। दो अलग-अलग सड़क हादसों ने इलाके में सनसनी फैला दी है। इन घटनाओं में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए हैं।पहली घटना नेशनल हाईवे-43 पर कुनकुरी क्षेत्र के डुगडुगिया स्थित पावर हाउस के सामने हुई। यहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक का सिर धड़ से अलग हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।मृतक की पहचान संदीप राम उर्फ भोकलो के रूप में हुई है। वहीं दूसरा युवक पाकल गंभीर रूप से घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसका इलाज जारी है। दोनों युवक कुनकुरी थाना क्षेत्र के पंडरीपानी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को बहाल कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।वहीं दूसरी घटना तुमला थाना क्षेत्र के ग्राम बरडीह स्थित कोकसारा पुलिया के पास स्टेट हाईवे लावाकेरा-लैलूंगा मार्ग पर हुई। यहां एक अज्ञात ट्रक ने चारपहिया वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार पुल के किनारे खतरनाक स्थिति में लटक गई।बताया जा रहा है कि कार में पति-पत्नी सवार थे, जो रायगढ़ से दुलदुला की ओर जा रहे थे। इस हादसे में कार चालक (पति) का हाथ टूट गया, जबकि पत्नी को भी चोटें आई हैं। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही तुमला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस द्वारा पुल के पास फंसे वाहन को निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं, साथ ही फरार चालक की तलाश जारी है।
