
जशपुर नगर। सोमवार दोपहर जिले के नारायणपुर क्षेत्र के चाटीडांड स्थित आरापहाड़ में चार्टर प्लेन क्रैश होने की खबर ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। शुरुआती जानकारी में यह तक कहा जाने लगा कि विमान पहाड़ से टकरा गया है और इस हादसे में पायलट व को-पायलट की मौत हो गई है।खबर फैलते ही सोशल मीडिया पर भी यह तेजी से वायरल हो गई। लोग अपने-अपने स्तर पर जानकारी जुटाने में लग गए, वहीं पुलिस और प्रशासन भी तत्काल हरकत में आ गया। आला अधिकारी टीम के साथ दुर्गम पहाड़ी इलाके की ओर रवाना हुए, लेकिन वहां पहुंचने और स्थिति स्पष्ट करने में उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी।आखिर हुआ क्या था?दरअसल, घटना से पहले कुछ लोगों ने एक विमान को काफी नीचे उड़ते हुए देखा था, जिसकी तस्वीर भी ली गई। इसी दौरान एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें पहाड़ी से आग और धुएं की लपटें उठती दिखाई दे रही थीं।नीचे उड़ते विमान और उसके गुजरने के बाद पहाड़ी से उठते धुएं ने लोगों को यह अंदेशा दे दिया कि विमान क्रैश हो गया है। जबकि हकीकत में पहाड़ी पर दिख रहा धुंआ जंगल में लगी आग के कारण था, न कि किसी विमान हादसे की वजह से।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार का विमान हादसा नहीं हुआ है। लोगों से अपील की गई है कि बिना पुष्टि के किसी भी खबर पर विश्वास न करें और अफवाहों से बचें।
