
जशपुरनगर। विष्णुदेव साय अपने निर्धारित जशपुर प्रवास के दौरान विकासखंड कांसाबेल के ग्राम बंदरचुआं पहुंचे, जहां उन्होंने अपने निज सहायक दीपक अंधारे के चचेरे भाई स्वर्गीय विवेक अंधारे के आकस्मिक निधन पर आयोजित ब्रह्मभोज कार्यक्रम में सम्मिलित होकर शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने दिवंगत विवेक अंधारे के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर ढांढस बंधाया।इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने परिजनों के साथ कुछ समय बिताते हुए उनकी पीड़ा को साझा किया और उन्होंने कहा कि इस प्रकार की असमयिक घटना पूरे समाज के लिए पीड़ादायक होती है।कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों से आत्मीय मुलाकात कर क्षेत्र की स्थिति, जनसमस्याओं और विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। ग्रामीणों ने भी विभिन्न मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की बात कही।इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, केबिनेट मंत्री राम विचार नेताम , जिला भाजपा अध्यक्ष भरत सिंह सहित रायगढ़, अंबिकापुर, सारंगढ़, कुनकुरी और जशपुर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री साय बगिया हेलीपैड पहुंचे और शाम 5:25 बजे रायपुर के लिए प्रस्थान किया। उनके इस दौरे को लेकर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक तैयारियां पहले से ही सुनिश्चित की गई थीं।
