
जशपुर। शनिवार को साहीडांड में लगने वाले साप्ताहिक बाजार में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भंवर मधुमक्खियों का झुंड अचानक लोगों पर टूट पड़ा। करीब 3 बजे जैसे ही बाजार में खरीद-बिक्री शुरू हुई, तभी तेज हवा के साथ आए तूफान से बाजारडांड के पास स्थित सेमर पेड़ में लगे मधुमक्खियों के छत्ते से भंवर उड़ने लगे और लोगों को काटने लगे।अचानक हुए इस हमले से बाजार में मौजूद लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। अपनी जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। कई लोग गमछा से खुद को ढंकते नजर आए, तो कुछ ठेलों और आसपास के घरों में दुबककर सुरक्षित होने की कोशिश करते रहे।स्थानीय लोगों के अनुसार, बाजारडांड के समीप स्थित सेमर के पेड़ों में भंवर मधुमक्खियों के कई छत्ते बने हुए हैं, जिससे आए दिन इस तरह का खतरा बना रहता है। यह स्थान मुख्य चौक होने के कारण यहां लोगों का आवागमन लगातार लगा रहता है। कभी तेज हवा तो कभी अन्य कारणों से मधुमक्खियां भड़क जाती हैं और लोगों पर हमला कर देती हैं, जिससे पहले भी कई लोग घायल हो चुके हैं।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इन खतरनाक मधुमक्खियों के छत्तों को हटाने या सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की व्यवस्था की जाए। यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में कोई बड़ी अनहोनी घटना घट सकती है।
