
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुणवत्ता को लेकर सख्त नजर आए जहां सीसी सड़क निर्मित हुए और अल्प समय में क्षतिग्रस्त हो जाने पर गंभीरता लिया है।
बेमेतरा जिले के नगर पंचायत दाढ़ी क्षेत्र में हाल ही में निर्मित सीसी रोड के अल्प समय में क्षतिग्रस्त होने की खबर को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।मुख्यमंत्री ने प्रतिष्ठा ममगाईं से दूरभाष पर चर्चा कर पूरे मामले की विस्तृत और समयबद्ध जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित सड़क का तकनीकी परीक्षण कराया जाए और निर्माण में उपयोग की गई सामग्री, कार्य की गुणवत्ता तथा निगरानी व्यवस्था की गहन समीक्षा की जाए।मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देशित किया है कि यदि जांच में गुणवत्ता में कमी, मानकों का उल्लंघन या किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है, तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, क्षतिग्रस्त सड़क का जल्द से जल्द पुनर्निर्माण कर आम लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।इसके अलावा, उन्होंने जिले में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों की भी विशेष समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।मुख्यमंत्री साय ने दोहराया कि जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही करने वालों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई अनिवार्य की जाएगी। उन्होंने सतत मॉनिटरिंग, फील्ड निरीक्षण और प्रभावी गुणवत्ता नियंत्रण तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया, ताकि विकास कार्य टिकाऊ और विश्वसनीय बन सकें।उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेशभर में निर्माण कार्यों की निगरानी और गुणवत्ता नियंत्रण को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे आम नागरिकों को सुरक्षित और भरोसेमंद अधोसंरचना का लाभ मिल सके।
