औचक निरीक्षण से चौंका प्रशासन, सीएम सीधे पहुंचे सुदूर गांव वनांचल में मुख्यमंत्री की दस्तक, जमीनी हकीकत जानने पहुंचे चंदागढ़

जशपुरनगर। सुशासन तिहार के दौरान विष्णुदेव साय ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से एक बड़ा और प्रभावी कदम उठाया। उन्होंने औचक निरीक्षण की शुरुआत करते हुए आज अचानक जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम चंदागढ़ का दौरा किया।मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर जैसे ही चंदागढ़ में उतरा, पूरे क्षेत्र में हलचल मच गई। किसी को पहले से इसकी जानकारी नहीं थी, जिससे यह दौरा पूरी तरह गोपनीय और औचक रहा। मुख्यमंत्री के इस अप्रत्याशित आगमन से स्थानीय प्रशासन में भी हड़कंप की स्थिति बन गई और अधिकारी तुरंत सक्रिय होते नजर आए।मुख्यमंत्री के चंदागढ़ पहुंचने की खबर फैलते ही ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाजों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और लोकगीतों के साथ ग्रामीणों ने अपने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया, जिससे पूरे वातावरण में उत्सव जैसा माहौल बन गया।इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ उनके प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और विशेष सचिव रजत बंसल भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने मौके पर ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री का यह औचक निरीक्षण सुशासन तिहार के तहत जमीनी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति जानने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट संकेत दिए कि शासन की योजनाओं में लापरवाही या अनियमितता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।मुख्यमंत्री के इस दौरे से जहां ग्रामीणों में विश्वास बढ़ा है, वहीं प्रशासनिक तंत्र में भी जवाबदेही और सतर्कता का संदेश गया है।
