
जशपुर। जिले के ग्राम भेजरीडांड में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कैम्प बगिया से त्वरित कार्रवाई की गई। ग्राम के निषाद समाज के प्रतिनिधियों ने सामाजिक भवन के पास पेयजल की कमी को लेकर बोरिंग की मांग रखी थी। ग्रामीणों ने बताया था कि क्षेत्र में पर्याप्त जलस्रोत नहीं होने के कारण लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ता था, जिससे खासकर महिलाओं और बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।मामले की गंभीरता को समझते हुए मुख्यमंत्री कैम्प द्वारा बिना विलंब के हैंडपंप स्वीकृत किया गया। इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर तेजी दिखाते हुए मंगलवार को संबंधित स्थल पर हैंडपंप खुदाई का कार्य प्रारंभ कर दिया गया। मशीनों के पहुंचते ही ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और लोगों ने इसे राहत भरा कदम बताया।ग्रामीणों का कहना है कि इस हैंडपंप के स्थापित होने से न केवल निषाद समाज, बल्कि आसपास के अन्य परिवारों को भी स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। इससे दैनिक जीवन की कई समस्याएं दूर होंगी और समय की भी बचत होगी।इस त्वरित कार्रवाई के लिए समाज के लोगों और गांव के लोगों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी संवेदनशीलता और तत्परता का ही परिणाम है कि समस्या का समाधान इतनी जल्दी संभव हो पाया। साथ ही, कैम्प में उपस्थित मुख्यमंत्री के निज सहायक आकाश गुप्ता के सहयोग की भी ग्रामीणों ने सराहना की।ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी इसी तरह उनकी समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई होती रहेगी, जिससे क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
