

जशपुरनगर। पश्चिम बंगाल, असम एवं पुदुच्चेरी में विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद जशपुर जिले के बगिया स्थित मुख्यमंत्री निवास में भव्य जश्न का आयोजन किया गया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और पूरा परिसर जीत के उल्लास से सराबोर नजर आया।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निजी निवास बगिया में बड़ी संख्या में जुटे भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर, ढोल-नगाड़ों के साथ नारेबाजी करते हुए जीत का जश्न मनाया। “मोदी-मोदी” और नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को झालमुरी खिलाकर और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया।इस दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर कार्यकर्ताओं के साथ खुशी साझा की। उन्होंने सभी को जीत की शुभकामनाएं देते हुए पारंपरिक अंदाज़ में झालमुरी वितरित की, जिससे माहौल और भी उत्सवमय हो गया। उनके इस आत्मीय व्यवहार से कार्यकर्ता खासे उत्साहित नजर आए।कार्यकर्ताओं ने इस ऐतिहासिक जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत, दूरदर्शी और निर्णायक नेतृत्व को दिया। उनका कहना था कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं, विकास कार्य और सुशासन की नीति ने देशभर में आम जनता का विश्वास जीता है, जिसका परिणाम इन चुनावों में स्पष्ट रूप से देखने को मिला है।भाजपा कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी पार्टी इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करेगी। जश्न के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरे जोश और उत्साह के साथ इस जीत का उत्सव मनाया।
