
जशपुर। ग्राम पंचायत अम्बाकछार के नदी पारा में पिछले दो दिनों से ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण ग्रामीण अंधेरे में जीवन यापन करने को मजबूर थे। बिजली आपूर्ति बाधित होने से दैनिक कार्यों के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई और अन्य आवश्यक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही थीं, जिससे ग्रामीणों में परेशानी बढ़ती जा रही थी।समस्या की जानकारी मिलते ही भाजयुमो मंडल महामंत्री राकेश कुमार सिंह एवं ग्राम सरपंच उर्मिला ने त्वरित पहल करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय को फोन के माध्यम से अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सालिक साय ने तुरंत विद्युत विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और जल्द समाधान सुनिश्चित करने को कहा।प्रशासनिक सक्रियता का परिणाम यह रहा कि मंगलवार शाम को गांव में 25 केवी का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया। ट्रांसफार्मर लगते ही बिजली आपूर्ति बहाल हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में फिर से रोशनी लौट आई और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।ग्रामीणों ने बताया कि बिजली बहाल होने से अब उनकी दिनचर्या सामान्य हो सकेगी और उन्हें अंधेरे से मुक्ति मिल गई है। इस त्वरित कार्रवाई के लिए ग्राम पंचायत अम्बाकछार के समस्त ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया
