
सुशासन शिविर बना मेधावियों का सम्मान मंच, 35 छात्र-छात्राएं हुए पुरस्कृत मेहनत लाई रंग, फरसाबहार में 10वीं-12वीं के विद्यार्थियों ने रचा सफलता का नया इतिहास
जशपुर। विकासखंड फरसाबहार में सुशासन तिहार के अंतर्गत गुरुवार को बनगांव में सुशासन शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं, उपलब्धियों एवं जनहित कार्यों की जानकारी दी गई। इस दौरान शिक्षा विभाग ने अपने उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों और विद्यार्थियों की उपलब्धियों को साझा करते हुए पूरे विकासखंड के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताई।
शिविर में बीईओ दुर्गेश देवांगन ने शिक्षा विभाग की ओर से जानकारी देते हुए बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विकासखंड फरसाबहार का परीक्षा परिणाम बेहद उत्साहजनक और ऐतिहासिक रहा है। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा कक्षा 10वीं में विकासखंड का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 96.45 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो जिले में बेहतर परिणामों में शामिल है। इसके साथ ही 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या 106 रही, जो विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं पालकों के सहयोग का परिणाम है।
इसी प्रकार कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम भी अत्यंत सराहनीय रहा। विकासखंड का उत्तीर्ण प्रतिशत 96.61 प्रतिशत रहा तथा 49 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। बीईओ ने कहा कि शिक्षा विभाग लगातार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित मॉनिटरिंग, अतिरिक्त कक्षाओं एवं विद्यार्थियों के सतत मार्गदर्शन पर विशेष ध्यान दे रहा है, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है।
उन्होंने आगे बताया कि केंद्रीकृत परीक्षा कक्षा 5वीं एवं 8वीं के परिणाम भी पूरी तरह उत्कृष्ट रहे। कक्षा 5वीं में कुल 1731 विद्यार्थियों में से 1726 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया और सभी विद्यार्थी सफल घोषित हुए। वहीं कक्षा 8वीं में 1794 विद्यार्थियों में से 1762 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी तथा सभी विद्यार्थी उत्तीर्ण रहे। इस प्रकार दोनों कक्षाओं में विकासखंड का परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिसे शिक्षा विभाग की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
शिविर में शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों को सम्मानित करने का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी केंद्रीकृत परीक्षा कक्षा 5वीं एवं 8वीं में संकुल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों के हाथों पुरस्कार प्रदान किया गया। साथ ही विकासखंड स्तर पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
बनगांव शिविर अंतर्गत कुल 9 संकुल शामिल हुए, जिनमें 7 हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालय आते हैं। इन विद्यालयों के कुल 35 छात्र-छात्राओं को उच्चतम अंक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र, पुरस्कार एवं शुभकामनाएं देकर आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित पालकों, शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी लगातार शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षा विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उक्त कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद अध्यक्ष हेमन्ती साय उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता डीडीसी वेद प्रकाश भगत ने की, जबकि अति विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व संसदीय सचिव भरत साय, बीडीसी दयानिधि मानिक, राजकुमारी भगत, बाबी यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर भाजयुमो मंडल अध्यक्ष गजानंद चक्रेश, जिला उपाध्यक्ष दीपक चौहान, महामंत्री राकेश साय, प्रियांश भगत, सरपंच श्रीमती विभूति पैकरा, देवदत्त निकुंज, अमृत साय,जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, एसडीएम ओंकारेश्वर सिंह, जनपद सीईओ मिथिलेश पैंकरा, बीआरसी देवेंद्र सिंह सहित समस्त संकुल समन्वयक, प्रभारी, शिक्षकगण एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित
