क्रिकेट के रोमांच से गूंजा गांझियाडीह,रात्रिकालीन क्रिकेट महाकुंभ का भव्य समापन

जशपुर। गंझियाडीह में आयोजित रात्रिकालीन गांझियाडीह प्रीमियर लीग (GPL) सीजन-04 का भव्य समापन 7 मई को उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। 23 अप्रैल से शुरू हुए इस क्रिकेट महाकुंभ में छत्तीसगढ़ एवं उड़ीसा की कुल 48 टीमों ने भाग लेकर अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान क्षेत्र में खेल प्रेमियों के बीच भारी उत्साह देखने को मिला।समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में गांझियाडीह के उपसरपंच एवं भाजपा वरिष्ठ कार्यकर्ता किरण सिंह उपस्थित रहे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा मंडल अध्यक्ष मुक्तेश्वर साय शामिल हुए। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष शिवकुमार साय, व्यापारी पंकज गुप्ता, बीडीसी अंजना एक्का एवं पुकेश साय मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच हेमलता साय ने की।क्रिकेट समिति के अध्यक्ष शिव प्रसाद गुप्ता सहित आयोजन समिति के सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया।टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रायगढ़ जिले की सियारपारा टीम एवं शक्ति जिले की बाराद्वार बस्ती टीम के बीच खेला गया। टॉस जीतकर सियारपारा की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करते हुए बाराद्वार बस्ती की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 84 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सियारपारा की टीम ने संयमित बल्लेबाजी और बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया और GPL सीजन-04 की विजेता बनी।विजेता टीम सियारपारा को 1 लाख रुपये नगद एवं आकर्षक शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं उपविजेता बाराद्वार बस्ती टीम को 50 हजार रुपये नगद एवं शील्ड देकर पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार वितरण के दौरान खिलाड़ियों एवं दर्शकों में भारी उत्साह देखने को मिला।समापन समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा मंडल अध्यक्ष मुक्तेश्वर साय ने कहा कि खेल हमेशा टीम भावना, अनुशासन एवं एकता का प्रतीक होता है। खेलों से युवाओं का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है तथा उनमें सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने का कार्य करते हैं।रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता को देखने के लिए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, माताएं-बहनें एवं युवा पहुंचे। बच्चों में भी क्रिकेट को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों में रोमांच बना रहा और फाइनल मुकाबले में देर रात तक दर्शकों की भीड़ मैदान में डटी रही।गांझियाडीह प्रीमियर लीग का चौथा संस्करण सफल, भव्य एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसे क्षेत्र के खेल प्रेमियों ने यादगार आयोजन बताया।
