
जशपुर। क्षेत्र में मंगलवार शाम आई तेज आंधी और खराब मौसम ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। आंधी के चलते इलाके की बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में अंधेरा छा गया है। वहीं कई प्रमुख मार्गों पर बड़े-बड़े पेड़ गिरने से आवागमन भी बाधित हो गया है।जानकारी के अनुसार ग्राम भेजरीडांड, बाबूसाजबहार, कोरंगामाल, भालुमुंडा और अंकिरा क्षेत्र में तेज हवा के कारण कई बिजली पोल टूट गए हैं। बिजली तार क्षतिग्रस्त होने से कई गांवों में विद्युत आपूर्ति बंद हो गई है।तेज आंधी के दौरान सड़कों पर पेड़ गिरने से लोगों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ जगहों पर ग्रामीणों ने स्वयं पेड़ हटाने का प्रयास शुरू किया, जबकि प्रशासन और बिजली विभाग की टीमों को सूचना दे दी गई है।ग्रामीणों का कहना है कि शाम के समय अचानक मौसम खराब होने और तेज हवा चलने से लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। बिजली गुल होने से पेयजल व्यवस्था और मोबाइल नेटवर्क पर भी असर पड़ा है।वहीं बिजली विभाग द्वारा टूटे पोल और क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत का कार्य शुरू करने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।





