

जशपुर। विकासखंड फरसाबहार के ग्राम पंचायत बाबूसाजबहार में 15 मई को आयोजित होने वाला सुशासन तिहार समाधान शिविर अब बाबूसाजबहार में नहीं लगेगा। प्रशासन द्वारा शिविर स्थल में परिवर्तन करते हुए इसे बाबूसाजबहार क्लस्टर के ग्राम खारीबहार में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। विभागीय जानकारी के अनुसार यह शिविर मिशन स्कूल के सामने स्थित आम बगीचा परिसर में लगाया जाएगा, जो स्टेट हाईवे लावाकेरा–कोतबा मार्ग से लगा हुआ है।सुशासन तिहार के तहत आयोजित होने वाले इस शिविर में क्षेत्र के ग्रामीण अपनी विभिन्न समस्याएं, मांगें और शिकायतें सीधे प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे। शिविर में राजस्व, पंचायत, बिजली, पानी, सड़क, राशन, पेंशन, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे, जिससे ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा।इस शिविर में बाबूसाजबहार क्लस्टर अंतर्गत आने वाले कुल 13 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल होंगे। इनमें ग्राम पंचायत लावाकेरा, अंकिरा, भेजरीडांड, सिकिरमा, गारीघाट, झारमुंडा, कोरंगामाल, फरदबहार, दलटोली, बारों, कोनपारा, बाबूसाजबहार और खारीबहार शामिल हैं। बड़ी संख्या में ग्रामीणों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।ग्रामीणों का कहना है कि सुशासन तिहार के माध्यम से गांव स्तर पर समस्याओं को सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है। वहीं कई ग्रामीण क्षेत्र की सड़क, बिजली, पेयजल और प्रधानमंत्री आवास जैसी मूलभूत समस्याओं को शिविर में उठाने की तैयारी कर रहे हैं।
