
जशपुर। विकासखंड फरसाबहार क्षेत्र के तपकरा स्थित वेदांत विद्यापीठ स्कूल की छात्रा आशी चौधरी ने पांचवीं बोर्ड परीक्षा में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। आशी चौधरी पिता कुंदन चौधरी की इस शानदार सफलता पर विद्यालय परिवार सहित क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।आशी को उसके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ब्लॉक स्तरीय मेधावी छात्रा के रूप में सम्मानित किया गया। सुशासन तिहार के दौरान आयोजित सम्मान समारोह में शिक्षा प्रकोष्ठ जिला संयोजक रामनिवास गुप्ता, डॉ. अजय शर्मा सहित विकासखंड के अधिकारियों ने छात्रा को सम्मानित करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर इस प्रकार की उपलब्धि हासिल करना गर्व की बात है और इससे अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं अधिकारियों ने आशी की मेहनत, अनुशासन और लगन की सराहना करते हुए कहा कि निरंतर अध्ययन और परिवार के सहयोग से ही विद्यार्थी सफलता के नए आयाम स्थापित करते हैं। वहीं आशी की सफलता से उसके माता-पिता भी बेहद खुश नजर आए।विशेष उपलब्धि यह रही कि आशी चौधरी ने जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा भी सफलता पूर्वक उत्तीर्ण कर नवोदय विद्यालय में अपना स्थान सुनिश्चित किया है। एक साथ बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट अंक और नवोदय विद्यालय में चयन होने से उसकी उपलब्धि और भी खास बन गई है।विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि आशी शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी छात्रा रही है। वह नियमित रूप से विद्यालय में अध्ययन करने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी गंभीरता से करती थी। शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग से उसने यह सफलता हासिल की है।आशी की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, मित्रों एवं क्षेत्रवासियों ने बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
