
जशपुर। धर्मजयगढ़-लोहरदगा रेल लाइन परियोजना के तहत 291.88 किलोमीटर लंबी रेल लाइन का निर्माण किया जाएगा। यह महत्वाकांक्षी रेल परियोजना जशपुर जिले के पत्थलगांव, कांसाबेल, कुनकुरी और जशपुर विकासखंडों से होकर गुजरेगी। जिले में कुल 13 रेलवे स्टेशन प्रस्तावित हैं, जबकि प्रमुख स्टेशन चार विकासखंडों में स्थापित किए जाएंगे।आजादी के बाद यह पहला अवसर होगा जब जशपुर वनांचल क्षेत्र में रेल सेवा पहुंचेगी। लंबे समय से क्षेत्रवासी और जनप्रतिनिधि इस मांग को उठाते रहे हैं। तत्कालीन सांसद एवं वर्तमान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने भी अपने सांसद कार्यकाल के दौरान इस मुद्दे को कई बार संसद में उठाया था। अब उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद इस परियोजना को गति मिली है, जिससे जशपुर जिले को रेल नेटवर्क से जोड़ने का सपना साकार होने जा रहा है।रेल परियोजना को लेकर जिले भर में उत्साह का माहौल है। लोगों का मानना है कि रेल सुविधा शुरू होने से जशपुर का संपर्क देश के अन्य हिस्सों से बेहतर होगा, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इसके साथ ही आवागमन सुगम होने से जिले के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।क्षेत्रवासियों का कहना है कि रेल लाइन बनने से जशपुर के विकास में वर्षों से चली आ रही बड़ी बाधा दूर होगी और जिले को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में यह परियोजना मील का पत्थर साबित होगी।
