मौत को मात देकर निकले 40 यात्री: कुनकुरी में पलटी ‘जय बाला’ बस, ALS टीम ने बचाईं जानें

जशपुर। जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड के टांगरपानी में शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रामगढ़ (झारखंड) से कोरबा जा रही ‘जय बाला’ ट्रैवल्स की यात्री बस सुबह करीब 3:30 बजे अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने डायवर्शन में पलट गई। बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे। हादसे के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, जिससे बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस चालक कथित रूप से शराब के नशे में वाहन चला रहा था। तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण वह टांगरपानी के पास वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बस डायवर्शन के नीचे जा गिरी। हालांकि बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों की जान बच गई।हादसे की सूचना मिलते ही कुनकुरी की एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची। EMT सत्येंद्र और पायलट अभिषेक ने तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए बस में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में 10 से अधिक यात्रियों को चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कुनकुरी अस्पताल भेजा गया।घायलों में जशपुर निवासी श्रीमती शोभंती भगत (50 वर्ष) और उनकी पुत्री कु. रीमा भगत भी शामिल हैं। इनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए होली क्रॉस अस्पताल, कुनकुरी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। चालक के नशे में होने के आरोपों की भी जांच की जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन राहत एवं बचाव दल की तत्परता से स्थिति पर जल्द ही नियंत्रण पा लिया गया।
