
जशपुर। ग्राम अंकिरा में आयुर्वेद अस्पताल परिसर में लगा विद्युत ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से पिछले 16 घंटे से पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप है। बिजली गुल होने से गांव के सैकड़ों घर अंधेरे में डूबे हुए हैं और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।बिजली नहीं रहने के कारण शनिवार सुबह महिलाओं को बोरिंग से पानी भरने के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ा। वहीं मोबाइल चार्ज नहीं होने, पंखे बंद रहने और अन्य घरेलू कार्य प्रभावित होने से ग्रामीणों की दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो गई है। स्कूली बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है, जबकि रातभर अंधेरे में रहने से ग्रामीणों ने भय और असुरक्षा के माहौल में रात बिताई।बिजली विभाग के अनुसार आयुर्वेद अस्पताल में स्थापित ट्रांसफार्मर तकनीकी खराबी के कारण बंद हो गया है, जिसके चलते पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। विभाग ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर के लिए उच्चाधिकारियों को जानकारी दिया गया है जल्द से जल्द बिजली बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।ग्रामीणों ने बिजली विभाग से शीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग करते हुए कहा कि लगातार बिजली बंद रहने से पेयजल, शिक्षा और दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
