
जशपुर। लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देने और छात्राओं को मतदान प्रक्रिया से परिचित कराने के उद्देश्य से शनिवार को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुनकुरी में छात्रा परिषद का चुनाव पूरी पारदर्शिता एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए मतदान के माध्यम से अपने प्रतिनिधियों का चयन किया।विद्यालय के प्राचार्य एवं रिटर्निंग ऑफिसर एस.आर. साव के नेतृत्व में चुनाव की संपूर्ण प्रक्रिया आयोजित की गई। सबसे पहले चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति की गई, जिसमें पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी, मतगणना अधिकारी एवं ऑब्जर्वर के रूप में विद्यालय के शिक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई।इसके बाद विभिन्न पदों के लिए छात्राओं ने नामांकन पत्र दाखिल किए। निर्धारित प्रक्रिया के तहत नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की गई और अंतिम उम्मीदवारों की सूची छात्राओं के समक्ष जारी की गई, ताकि वे अपने पसंदीदा उम्मीदवार का चयन कर सकें।दोपहर 1 बजे से मतदान प्रारंभ हुआ, जिसमें कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं ने क्रमवार मतदान किया। शांतिपूर्ण वातावरण में दोपहर 2:30 बजे मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को सील किया गया। इसके पश्चात दोपहर 3 बजे मतगणना शुरू हुई और लगभग 3:40 बजे चुनाव परिणाम घोषित कर दिए गए।चुनाव में शाला नायिका, उप नायिका, अनुशासन सचिव सहित विभिन्न पदों के लिए छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान छात्राओं ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया, मतदान और मतगणना की पूरी व्यवस्था को नजदीक से समझा।शाम 4 बजे व्याख्याता सुधीर दुबे ने मंच से चुनाव परिणामों की घोषणा की। शाला नायिका के पद पर सुधा यादव निर्विरोध निर्वाचित हुईं, जबकि उप शाला नायक, सांस्कृति सचिव, पर्यावरण सचिव,अनुशासन सचिव, क्रीड़ा सचिव, स्वास्थ सचिव के पदों का चयन मतदान के माध्यम से किया गया।इस अवसर पर प्राचार्य एस.आर. साव ने छात्राओं को लोकतंत्र के महत्व, मतदान के अधिकार और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने सभी निर्वाचित छात्रा प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे विद्यालय में अनुशासन, छात्र हित और विकास संबंधी कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास करें।
