
जशपुर। ओडिशा सीमा से लगे ग्राम लावाकेरा के पास शनिवार शाम करीब 6 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लावाकेरा के समीप एक अल्टो कार और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों मृतक कुनकुरी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।हादसे की सूचना मिलते ही तपकरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई तथा दोनों शव वाहन के भीतर ही फंस गए। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।तपकरा थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों के शव कार में फंसे हुए हैं, जिन्हें निकालने की कार्रवाई जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार सवार ओडिशा से कुनकुरी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान लावाकेरा के पास सामने से आ रहे ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतकों की शिनाख्त और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
