
जशपुर। विकासखंड कुनकुरी के ग्राम पंचायत बेहराखार में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) के अंतर्गत आने वाले विरहोर जनजाति परिवारों को कृषि विभाग द्वारा निशुल्क कृषि आदान सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान किसानों को अरहर, उड़द एवं मक्का के उन्नत बीज के साथ-साथ सूक्ष्म पोषक तत्व जिंक का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय परिवारों को आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाना तथा आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को बीजों के उपयोग, फसल प्रबंधन तथा संतुलित पोषण के बारे में भी जानकारी दी। किसानों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने और वैज्ञानिक तरीके से खेती करने के लिए प्रेरित किया गया।इस अवसर पर कृषि विभाग कुनकुरी के एसएडीओ कमलेश सिदार ने कहा, “विरहोर जनजाति परिवारों की आजीविका को मजबूत करने के लिए कृषि विभाग लगातार प्रयासरत है। सरकार की योजनाओं के माध्यम से उन्हें निशुल्क उन्नत बीज और सूक्ष्म पोषक तत्व उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि फसल उत्पादन बढ़े और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो। विभाग भविष्य में भी ऐसे परिवारों को योजनाओं का लाभ देता रहेगा तथा हर संभव तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराएगा।”कार्यक्रम में बेहराखार के उपसरपंच रामनाथ सिंह सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने भी किसानों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर आधुनिक एवं उन्नत खेती अपनाने की अपील की।





