
भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलीप साहू बोले— युवाओं के लिए ऐतिहासिक सौगात
पंडरीपानी मंडल अध्यक्ष मुक्तेश्वर साय ने कहा— अब जशपुर के बच्चों का डॉक्टर बनने का सपना होगा साकार
जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विशेष प्रयासों से जशपुर जिले को लंबे समय से प्रतीक्षित शासकीय मेडिकल कॉलेज की सौगात मिल गई है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने जशपुर-कुनकुरी स्थित शासकीय मेडिकल कॉलेज को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 50 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश की औपचारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी का माहौल है। तपकरा एवं पंडरीपानी क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। इस अवसर पर तपकरा भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलीप साहू, पंडरीपानी मंडल अध्यक्ष मुक्तेश्वर साय, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष नटवर मूंदड़ा, किसान मोर्चा जिला महामंत्री कपिलेश्वर सिंह, राजेश फेंटा चौधरी,श्रीमती सुनीति भोय, श्रीमती कौशल्या यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलीप साहू ने कहा कि “मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति जिले के युवाओं के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। अब यहां के विद्यार्थियों को एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों में भटकना नहीं पड़ेगा और जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई मजबूती मिलेगी।”पंडरीपानी मंडल अध्यक्ष मुक्तेश्वर साय ने कहा कि “मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जशपुर की वर्षों पुरानी मांग को पूरा कर जिले को बड़ी सौगात दी है। मेडिकल कॉलेज खुलने से आदिवासी एवं ग्रामीण अंचल के गरीब परिवारों के बच्चों का डॉक्टर बनने का सपना साकार होगा। साथ ही रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और पूरे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था आधुनिक एवं सशक्त बनेगी। इसके लिए हम मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हैं।”भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे जशपुर जिले के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से न केवल चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पूरे सरगुजा संभाग के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
