
जशपुर। वन परिक्षेत्र तपकरा के अंतर्गत ग्राम झारमुंडा, गारिघाट, किनकेल एवं भेजरीडांड क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से एक हाथी लगातार विचरण कर रहा है। सोमवार देर रात यह हाथी ग्राम भेजरीडांड के काटाटोंगरी पहुंच गया, जहां उसने एक ग्रामीण के घर में घुसने का प्रयास किया। समय रहते ग्रामीणों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।जानकारी के अनुसार, हाथी देर रात ग्रामीण गुलबदन के घर के पास पहुंचा और सूंड से घर के छप्पर एवं लकड़ी के हिस्से को उखाड़ने लगा। आवाज सुनकर घर के अंदर सो रहे गुलबदन की नींद खुल गई। बाहर हाथी को देखकर उन्होंने तुरंत जोर-जोर से शोर मचाकर आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी।ग्रामीणों के शोर मचाने और एकत्र होने पर हाथी वहां से जंगल की ओर लौट गया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर वन विभाग के वनरक्षक मौके पर पहुंचे और क्षति का आकलन कर पंचनामा तैयार किया।ग्रामीणों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से हाथी झारमुंडा, गरिघाट, किनकेल और भेजरीडांड क्षेत्र में लगातार घूम रहा है। इस समय खेती-किसानी का कार्य शुरू हो चुका है, ऐसे में किसानों को खेतों में जाने और रात के समय घरों की सुरक्षा को लेकर चिंता सताने लगी है।ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी की लगातार निगरानी करने, मुनादी कर लोगों को सतर्क करने तथा हाथी को आबादी क्षेत्र से सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि किसी प्रकार की जनहानि या बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
