मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को दिए निर्देश 12 साल बाद हुआ गांव हुआ रोशन
जशपुर। विकास खंड फरसाबहार के ग्राम पंचायत बाबूसाजबहार अंतर्गत कादोदरह के ग्रामीणों के लिए वर्षों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। करीब 12 साल बाद गांव में बिजली पहुंचने से अब यहां के घर रोशनी से जगमगा उठे हैं।बताया जा रहा है कि वर्ष 2014 में गांव में बिजली के खंभे तो लगा दिए गए थे, लेकिन इसके बाद लंबे समय तक किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। परिणामस्वरूप ग्रामीणों को अंधेरे में जीवन यापन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा था।इस समस्या को लेकर स्थानीय सरपंच संजय भगत, मंडल अध्यक्ष दिलीप साहू, जिला किसान मोर्चा महामंत्री कपिलेश्वर सिंह तथा जिला भाजपा कोषाध्यक्ष नटवर मूंदड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को अवगत कराया। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की गई और गांव में बिजली तार व ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया।अब गांव में बिजली पहुंचने से ग्रामीणों को काफी राहत मिली है। पहले जहां रात होते ही पूरा गांव अंधेरे में डूब जाता था, वहीं अब घर-घर उजाला फैल गया है। इसके साथ ही किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलने से वे गर्मी के मौसम में भी फसल लेकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकेंगे।वहीं, स्कूली बच्चों के लिए भी यह सुविधा वरदान साबित हो रही है। अब उन्हें लालटेन या ढिबरी के सहारे पढ़ाई नहीं करनी पड़ेगी, बल्कि बिजली की रोशनी में आसानी से पढ़ाई कर सकेंगे।ग्रामीणों ने इस पहल के लिए शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
