
निलंबन के विरोध में खाली हुआ प्राथमिक शाला सिकिरमा, अभिभावकों ने बच्चों को लौटाया घर
जशपुर। विकासखंड फरसाबहार के शासकीय प्राथमिक शाला सिकिरमा की प्रधान पाठिका सुमन्ती तिर्की के निलंबन का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। गुरुवार सुबह ग्रामीणों और अभिभावकों ने एकजुट होकर बैठक की, जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जब तक प्रधान पाठिका का निलंबन आदेश निरस्त नहीं किया जाता, तब तक वे अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे।बैठक के बाद सभी अभिभावक प्राथमिक शाला सिकिरमा पहुंचे और स्कूल में पढ़ाई कर रहे अपने बच्चों को वापस घर ले आए। इसके चलते विद्यालय पूरी तरह खाली हो गया और गुरुवार को स्कूल में शिक्षण व्यवस्था प्रभावित रही।ग्रामीणों का कहना है कि प्रधान पाठिका के निलंबन से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उनका आरोप है कि कार्रवाई उचित नहीं है और जब तक इस मामले में पुनर्विचार कर निलंबन आदेश वापस नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
