

जशपुर। विकासखंड फरसाबहार के प्राथमिक शाला सिकिरमा की प्रधान पाठिका सुमन्ती तिर्की के निलंबन का मामला अब मुख्यमंत्री कैंप बगिया तक पहुंच गया है। गुरुवार को ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने मुख्यमंत्री कैंप बगिया पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम लिखित आवेदन सौंपा। आवेदन में प्रधान पाठिका के निलंबन आदेश को निरस्त कर तत्काल बहाल किए जाने की मांग की गई है।ग्रामीणों का कहना है कि सुमन्ती तिर्की के निलंबन से विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उनका आरोप है कि निलंबन का निर्णय उचित नहीं है, इसलिए इसे वापस लिया जाना चाहिए।अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि जब तक प्रधान पाठिका सुमन्ती तिर्की की बहाली नहीं होती, तब तक वे अपनी छात्राओं को विद्यालय नहीं भेजेंगे। उन्होंने प्रशासन और शासन से मामले में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है, ताकि विद्यालय में सामान्य रूप से शिक्षण कार्य फिर से शुरू हो सके।
