
जशपुर। विकासखंड फरसाबहार के प्राथमिक विद्यालय सिकिरमा में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी एक भी विद्यार्थी स्कूल नहीं पहुंचा। स्कूल में केवल एक शिक्षक उपस्थित रहे, लेकिन विद्यार्थियों की अनुपस्थिति के कारण पढ़ाई नहीं हो सकी।बताया जा रहा है कि गुरुवार को विद्यालय के विद्यार्थियों के अभिभावकों ने मुख्यमंत्री कैंप पहुंचकर प्रधान पाठिका सुमन्ती तिर्की के निलंबन आदेश को निरस्त कर उनकी बहाली की मांग को लेकर लिखित आवेदन सौंपा था। अभिभावकों का कहना है कि प्रधान पाठिका की बहाली के बाद ही वे अपने बच्चों को विद्यालय भेजेंगे।लगातार दो दिनों से विद्यालय में विद्यार्थियों की अनुपस्थिति के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भी नाराजगी देखी जा रही है।ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रधान पाठिका का निलंबन आदेश वापस नहीं लिया गया, तो सोमवार को स्कूली बच्चों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों के साथ विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय, फरसाबहार का घेराव कर विरोध प्रदर्शन करने की बात कही जा रही है।
