
जगह-जगह गड्ढों से बदहाल लावाकेरा-कोतबा मार्ग, हादसे में रिटायर्ड फौजी की मौत
जशपुर। तुमला थाना क्षेत्र अंतर्गत स्टेट हाईवे लावाकेरा-कोतबा मार्ग पर बरडीह के पास बुधवार शाम सड़क हादसे में ओडिशा निवासी रिटायर्ड फौजी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार दूसरा व्यक्ति भी सड़क किनारे जा गिरा।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओडिशा के तलसरा निवासी रिटायर्ड फौजी शिशिल कुजूर अपने एक साथी के साथ बाइक से सरइटोली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बरडीह के पास सड़क पर बने गड्ढे में अचानक बाइक का अगला चक्का घुस गया। बाइक की रफ्तार अधिक होने के कारण दोनों सवार बाइक से उछलकर सड़क किनारे जा गिरे।हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक चालक रिटायर्ड फौजी शिशिल कुजूर को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और इसकी जानकारी पुलिस को दी।सड़क की बदहाल स्थिति बनी हादसे की वजह ग्रामीणों के अनुसार लावाकेरा-कोतबा स्टेट हाईवे की स्थिति इन दिनों बेहद खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए ये गड्ढे लगातार खतरा बने हुए हैं।ग्रामीणों ने बताया कि कई स्थानों पर सड़क के गड्ढे दूर से दिखाई नहीं देते। ऐसे में तेज रफ्तार से आने वाले बाइक चालक अचानक गड्ढे में चले जाते हैं और वाहन अनियंत्रित हो जाता है। ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत कर गड्ढों को जल्द भरने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।





