
जशपुर। भाजपा मंडल तपकरा के नेतृत्व में शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ पत्थलगांव विधायक गौमती साय, पूर्व संसदीय सचिव भरत साय, मंडल अध्यक्ष दिलीप साहू, जिला भाजपा कोषाध्यक्ष नटवर मूंदड़ा, डॉ. अजय शर्मा, अवध पाठक, मनोज जायसवाल एवं राजेश फेंटा चौधरी की मौजूदगी में हायर सेकेंडरी स्कूल तपकरा परिसर में मां भारती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया।इसके बाद हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ यात्रा में शामिल हुए। तिरंगा यात्रा तपकरा से घुमरा चौक तक करीब 4 किलोमीटर तक निकाली गई। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।तिरंगा यात्रा में बाबूसाजबहार, अंकिरा, लावाकेरा, सिंगिबहार, केरसई, लठबोरा, घुमरा, पगुराबहार, तुमला सहित आसपास के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। युवाओं और कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।इस अवसर पर विधायक गौमती साय ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। देश की आजादी के लिए वीर जवानों और स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना तथा नई पीढ़ी को देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों से जोड़ना है।पूर्व संसदीय सचिव भरत साय ने कहा कि तिरंगा हर भारतीय के गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रहित की भावना प्रत्येक नागरिक के मन में होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में एकता, भाईचारा और देशभक्ति की भावना मजबूत होती है।मंडल अध्यक्ष दिलीप साहू ने तिरंगा यात्रा में शामिल हुए सभी ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि तपकरा मंडल के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने जिस उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया, वह राष्ट्रभक्ति की भावना को दर्शाता है।तिरंगा यात्रा में रितेश सोनी, मनोज पांडेय, प्रताप सिंह, अंकित मिश्रा, सत्यम सिंह सहित भाजपा के बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।





