
जशपुर। डोड़काचौरा स्थित रंगोली ढाबा के पास तेज रफ्तार ट्रक और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चालक के सिर पर गंभीर चोट आई। घायल को तत्काल 112 वाहन की मदद से जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।मृतक की पहचान रूपेश साव के रूप में हुई है। रूपेश साव मूलतः ग्राम अंकिरा के रहने वाले थे और जशपुर शहर में इलेक्ट्रॉनिक की दुकान संचालित करते थे।प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने फरार ट्रक की तलाश शुरू की। पुलिस ने लोदाम थाना क्षेत्र में ट्रक को पकड़ लिया। फिलहाल ट्रक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और चालक से पूछताछ कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चालक के सिर में गंभीर चोट आई। गंभीर रूप से घायल रूपेश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।रक्षाबंधन से पहले घर की खुशियां मातम में बदलींरक्षाबंधन से ठीक एक दिन पहले हुए इस दर्दनाक हादसे से साव परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। रूपेश साव की मौत की खबर मिलते ही परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। त्योहार के ठीक पहले हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है।फिलहाल पुलिस हादसे की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है। दुर्घटना के कारण, ट्रक की रफ्तार और चालक की भूमिका को लेकर पुलिस की पूछताछ जारी है। घटना ने एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को सामने ला दिया है।





