फरसाबहार में आंधी-ओलावृष्टि का कहर, बिजली गुल और मवेशियों की मौत
जशपुर। सोमवार दोपहर से जिले के विकासखंड फरसाबहार सहित आसपास के क्षेत्रों में मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। हालांकि भीषण गर्मी से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन नुकसान भी काफी हुआ है।तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, वहीं बिजली के खंभे और तार टूटने से कई क्षेत्रों में घंटों से बिजली आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, साथ ही पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हुई है।आंधी की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई ग्रामीणों के घरों के छप्पर तक उड़ गए। ओलावृष्टि के चलते किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। खासकर मक्का की फसल को काफी क्षति हुई है, जहां तेज हवा से मक्का के डंठल झुक गए हैं।इसी बीच प्राकृतिक आपदा का एक दुखद पहलू भी सामने आया है। ग्राम ऊपरघीचा (ग्राम पंचायत हेटघीचा) में आकाशीय बिजली गिरने से तीन मवेशियों की मौत हो गई। वहीं ग्राम पंडरीपानी में तेज आंधी के चलते बीएसएनएल का टावर गिर गया, जिससे संचार व्यवस्था भी प्रभावित हो गई है।बताया जा रहा है कि जिले के लगभग सभी विकासखंडों में मौसम का यह बदला हुआ मिजाज देखने को मिला है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है, जबकि संबंधित विभागों की टीमें राहत और मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं।
